असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का निधन,पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

असम में सबसे ज्यादा वक्त तक मुख्यमंत्री रहने वाले कांग्रेस नेता तरुण गोगोई का 85 वर्ष की उम्र में सोमवार शाम को निधन हो गया। उन्होंने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। उनकी स्थिति पिछले कुछ वक्त से नाज़ुक चल रही थी। 2 नवंबर को उन्हें जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
तरुण गोगोई के निधन की ख़बर सुनते ही राज्य के सीएम सर्बानंद सोनोवाल अपना डिब्रूगढ़ दौरा बीच में ही छोड़कर वापस गुवाहाटी लौट गए। मुख्यमंत्री ने जीएमसीएच पहुंच कर पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम सर्बानंद ने ट्वीट कर कहा जीएमसीएच में हज़ारों लोगों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के नश्वर शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व सीएम के निधन पर तमाम राजनेताओं ने ट्वीट कर संवेदना जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा ‘तरुण गोगोई जी एक लोकप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे, जिन्हें असम के साथ-साथ केंद्र में भी राजनीतिक अनुभव था। उनके निधन से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ है। ओम शांति।‘
राहुल गांधी ने भी तरुण गोगोई के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘तरुण गोगोई एक सच्चे कांग्रेसी नेता थे। उन्होंने अपना जीवन असम के सभी लोगों और समुदायों को एक साथ लाने के लिए समर्पित कर दिया। मेरे लिए वो एक महान और बुद्धिमान शिक्षक थे। मैं उन्हें बहुत प्यार करता था और उनका सम्मान करता था। मैं उन्हें मिस करूंगा।’
बता दें तरुण गोगोई साल 2001 से 2016 तक असम के मुख्यमंत्री थे। वो तीन बार असम के सीएम रहे। इसके अलावा वो 6 बार लोकसभा सांसद भी रहे थे। तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई वर्तमान में कांग्रेस सांसद हैं।