पीएम मोदी ने आगरा मेट्रो परियोजना का किया आगाज़, बोले 21वीं सदी के साथ कदमताल के लिए तैयार हो रहा शहर

पीएम मोदी ने आगरा मेट्रो परियोजना का किया आगाज़, बोले 21वीं सदी के साथ कदमताल के लिए तैयार हो रहा शहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए आगरा मेट्रो परियोजना का आगाज कर दिया। इस मौक़े पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। आगरा मेट्रो परियोजना के ज़रिए टूरिस्ट स्पॉट ताजमहल, आगरा फोर्ट, सिकंदरा को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से जोड़ने की योजना है। आगरा के 15 बटालियन पीएसी ग्राउंड में उद्घाटन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आगरा के पास अपनी सैकड़ों साल पुरानी पहचान है। लेकिन अब इसमें आधुनिकता का नया आयाम जुड़ने से सैकड़ों साल का इतिहास संजोए ये शहर अब 21वीं सदी के साथ कदमताल मिलाने के लिए तैयार हो रहा है। आगरा मेट्रो रेल परियोजना के उद्घाटन के मौक़े पर पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक सुविधाएं और आधुनिक कनेक्टीविटी मिलने से पश्चिमी यूपी का सामर्थ्य बढ़ा है। देश का पहला रैपिड रेल ट्रांसपोर्ट सिस्टम मेरठ से दिल्ली के बीच बन रहा है। दिल्ली मेरठ के बीच 14 लेन का एक्सप्रेस वे भी जल्द ही तैयार हो जाएगा।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि देश में इंफ्रा सेक्टर की बड़ी दिक्कत प्रोजेक्ट के लिए पैसों की जरूरत पूरा करने की होती थी। लेकिन हमारी सरकार ने परियोजना शुरू करने के साथ उसके लिए जरूरी पैसों के इंतज़ाम पर भी पूरा ध्यान दिया है।

बता दें 8,379.62 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना के ज़रिए आगरा के आम लोगों के साथ सैलानियों को भी सुविधा मिलेगी। इस प्रोजेक्ट के ज़रिए ताजमहल, आगरा फोर्ट, सिकंदरा को रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से जोड़ने की योजना है। मेट्रो रेल प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद आगरा की 26 करोड़ की आबादी के साथ हर साल आगरा पहुंचने वाले 60 लाख सैलानियों को भी लाभ मिलेगा। पांच साल में पूरा होने वाली इस परियोजना में आगरा के 29 किलोमीटर के दायरे को मेट्रो सेवा से जोड़ा जाएगा। प्रोजेक्ट को पूरा करने में कुल 8,379.62 करोड़ की लागत आएगी।

योजना के पहले चरण में सिकंदरा से ताज के बीच मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। सिकंदरा से ताज ईस्ट कॉरिडोर का ये काम लगभग 2 साल में 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसमें ताज ईस्ट से जामा मस्जिद तक का सेक्शन सबसे पहले तैयार किया जाएगा।

दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इस कॉरिडोर की लंबाई 15.4 किलोमीटर होगी, जबकि इसके अंतर्गत कुल 14 स्टेशन तैयार किए जाएंगे।

आगरा में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

About Post Author

thenewslede